फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: बहुचर्चित प्रियांशु हत्याकांड में बड़ा खुलासा, फूफा ने भतीजी के कहने पर करवाई थी हत्या

Mon, 28 Jul 2025 04:52 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद

सार

Bihar: आरोपी जीवन सिंह ने बताया कि उसने प्रियांशु की हत्या के लिए 10 लाख रुपये में सौदा तय किया था और एडवांस के तौर पर दो लाख रुपये दे दिए थे। इसके बाद उसने शूटरों को पलामू के ही दो स्थानीय मोबाइल विक्रेताओं से फर्जी नामों पर सिम कार्ड भी मुहैया कराए। पढ़ें पूरा मामला 
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नबीनगर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित प्रियांशु हत्याकांड में पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी जीवन सिंह ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह अपनी भतीजी गुंजा सिंह से पिछले 15 वर्षों से प्रेम करता था और उसी के कहने पर उसने अपने भतीजे प्रियांशु की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी जीवन सिंह को राजस्थान के सवाई माधोपुर से गिरफ्तार किया गया है। वह झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर के वार्ड संख्या-5, हमीदगंज का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, गुंजा की शादी 9 मई को औरंगाबाद जिले के नबीनगर प्रखंड अंतर्गत बड़वान गांव निवासी प्रियांशु सिंह से हुई थी। लेकिन शादी से पहले ही गुंजा और उसके फूफा जीवन सिंह के बीच प्रेम संबंध था। आरोपी ने कबूल किया है कि वह नहीं चाहता था कि गुंजा की किसी और से शादी हो। पहले भी उसने दो बार गुंजा के तय रिश्ते तुड़वा दिए थे। शादी के बाद भी गुंजा जीवन सिंह के संपर्क में बनी रही और प्रियांशु से छुटकारा पाने के लिए लगातार दबाव बनाती रही। इसी के तहत जीवन सिंह ने झारखंड के पलामू से चार पेशेवर शूटरों को सुपारी दी।

10 लाख की सुपारी, 2 लाख एडवांस में दिए

विज्ञापन

आरोपी जीवन सिंह ने बताया कि उसने प्रियांशु की हत्या के लिए 10 लाख रुपये में सौदा तय किया था और एडवांस के तौर पर दो लाख रुपये दे दिए थे। इसके बाद उसने शूटरों को पलामू के ही दो स्थानीय मोबाइल विक्रेताओं से फर्जी नामों पर सिम कार्ड भी मुहैया कराए। इन्हीं सिम के जरिए शूटरों ने गुंजा से इनपुट लेकर हत्या की योजना को अंजाम दिया। प्रियांशु की हत्या 24 जून को उस वक्त की गई जब वह वाराणसी से ट्रेन से नबीनगर रोड स्टेशन पहुंचने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहा था। लेम्बोखाप के पास पहले से घात लगाए शूटरों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पढ़ें: बांका में फर्जी डीईओ बनकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार साइबर अपराधी गिरफ्तार

गुंजा और मोबाइल विक्रेता भी गिरफ्तार

विज्ञापन

हत्या के बाद नबीनगर थाने में प्राथमिकी संख्या 205/24 दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले प्रियांशु की पत्नी गुंजा और मोबाइल सिम उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में गुंजा ने फूफा के साथ लंबे समय से चल रहे प्रेम संबंध की बात स्वीकार की और बताया कि वह इस शादी से खुश नहीं थी। पति के मोबाइल छीन लेने पर जीवन सिंह ने उसे दूसरा मोबाइल भी उपलब्ध कराया था ताकि दोनों बातचीत कर सकें।

राजस्थान से हुई मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी
गुंजा के बयान के बाद पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और खुफिया इनपुट के आधार पर राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के माउंट टाउन स्थित एक होटल से जीवन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पूरे अपराध की योजना की पुष्टि की।

पुलिस ने बताया कि जीवन सिंह पर पलामू जिले के मेदिनीनगर थाने में पहले से ही भारतीय दंड संहिता की धारा 447, 384, 406, 420, 379, 323, 504 और 506 के तहत एक अन्य मामला दर्ज है (प्राथमिकी संख्या 462/24)। गिरफ्तारी के समय उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। 

शूटरों की पहचान, गिरफ्तारी की तैयारी

विज्ञापन

प्रियांशु की हत्या में शामिल चारों शूटरों की पहचान पुलिस ने कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उन्हें भी हिरासत में ले लिया जाएगा। फिलहाल, मुख्य साजिशकर्ता जीवन सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई  है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें