औरंगाबाद शहर में पुरानी जीटी रोड पर पोस्ट ऑफिस के पास स्थित पुरानी सब्जी मंडी में बर्थडे पार्टी चल रही थी। अचानक पार्टी के रंग में भंग पड़ गया और फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग से आसपास का पूरा इलाका दहल उठा। फायरिंग शुरू होते ही अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई। मामले की जानकारी मिलते ही औरंगाबाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से शराब की एक खाली बोतल और 11 खोखे बरामद किए हैं। साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है। मामले में पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
देर रात बर्थडे पार्टी के बीच गूंजी गोलियों की आवाज
मिली जानकारी के अनुसार, शहर की पुरानी जीटी रोड पर पोस्ट ऑफिस के पास स्थित पुरानी सब्जी मंडी परिसर के पास शुक्रवार देर रात कुछ लोग बर्थडे पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान परिसर के बाहर से अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से आसपास का इलाका दहल उठा। मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही औरंगाबाद नगर थाना की पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने तक फायरिंग करने वाले अधिकांश लोग फरार हो चुके थे।
घटनास्थल से मिले 11 खोखे और शराब की बोतल
मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को घटनास्थल से 11 खोखे और शराब की एक खाली बोतल मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। मामले में पुलिस बरामद साक्ष्यों के आधार पर कड़ी-दर-कड़ी घटनाक्रम को जोड़ते हुए गहराई से छानबीन में जुटी है।
दहशत फैलाने की साजिश या जमीन विवाद?
घटना के पीछे सब्जी कारोबारियों में दहशत फैलाने की आशंका जताई जा रही है। मामले में जानकारों का कहना है कि घटना को दहशत फैलाने और सब्जी मंडी परिसर से सटी जमीन की कुछ माह पूर्व कराई गई बाउंड्री से जोड़कर देखा जा सकता है। गौरतलब है कि शासन-प्रशासन ने पुरानी सब्जी मंडी को शहर के फार्म क्षेत्र में शिफ्ट करने का आदेश जारी कर रखा है। सब्जी मंडी की शिफ्टिंग का सीधा फायदा मंडी परिसर से सटी हाल ही में बाउंड्री की गई जमीन के मालिक को होगा और उसे इस परिसर में मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने में सुविधा मिल सकेगी। वहीं, इस मंडी से सब्जी कारोबारी हटने में आनाकानी कर रहे हैं। यही वजह है कि इस घटना को सब्जी कारोबारियों को डराने की साजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच, एक आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस अभी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। पुलिस सभी एंगल और पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। औरंगाबाद नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि बाउंड्री के अंदर बर्थडे पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान फायरिंग की यह घटना हुई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विश्वनाथ पासवान के पुत्र रविकांत कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच में कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस शीघ्र ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर लेगी।
ये भी पढ़ें:
खान सर के कोचिंग में तोड़फोड़ के आरोपी की होटल में संदिग्ध मौत; रौशन आनंद के भाई का शव नेपाल में मिला
जमीन विवाद का पुराना इतिहास, घटना के बाद तेज हुई चर्चाएं
गौरतलब है कि पुरानी सब्जी मंडी के पास की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। मामले को लेकर न्यायालय में लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी गई, तब जाकर एक परिवार के पक्ष में फैसला आया। इसके बाद पुलिस प्रशासन की देखरेख में बाउंड्री कराई गई थी। यह भी उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को ही सब्जी कारोबारियों ने यहां से हटाने की कार्रवाई का विरोध किया था। इसे लेकर उन्होंने बैठक कर प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी थी। इसके तुरंत बाद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।