राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर औरंगाबाद के बारूण थाना क्षेत्र में सिरिस के पास बुधवार देर रात एक पर्यटक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार एक दर्जन से अधिक पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। बस पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी से पर्यटकों को लेकर आगरा में ताजमहल के दर्शन कराने जा रही थी। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने से हादसा होने की बात सामने आई है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई।
अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बचाया
दुर्घटना की तेज आवाज और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बारूण थाना की डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर
सदर अस्पताल में उपचार के बाद घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों में रीता सूतोधर (50), दिलीप बुंडू (60), हीरा बुंडू (58), शेफाली भुई (60), झाना बाबरी (60), नेमाई शिष्ट (68), रौतन मंडल (60), सोनामुखी (55), मालवती घोष (50), महाबली उरांव (60), चांद सूतोधर (50), मुराली कारक (62), बस का खलासी शेख अशरफ (45) समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायल पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद कुछ देर बाधित रहा आवागमन
पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी कर रही जांच
बारूण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार और एनएचएआई के अधिकारी अरविंद यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में घायल सभी लोगों की हालत खतरे से बाहर है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस संख्या WB 41 P-4739 को कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दुर्घटनाग्रस्त बस।
दुर्घटनास्थल की तस्वीर।
घायलों को इलाज के लिए ले जाती एंबुलेंस।