फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: चोरों ने भगवान को भी नहीं बख्शा, सूर्य मंदिर के दानपेटी को तोड़कर पैसा उड़ाया; पुलिस जांच में जुटी

Sun, 13 Apr 2025 05:02 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद

सार

Bihar: सुबह जब पुजारी मंदिर में पूजा करने पहुंचे, तो गर्भगृह का ताला और दान पेटी टूटी हुई मिली। इसके बाद घटना की सूचना मंदिर प्रबंधन समिति और बड़ेम थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सिमरन राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।
विज्ञापन
इसी मंदिर में हुई चोरी - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

औरंगाबाद जिले के नबीनगर प्रखंड अंतर्गत बड़ेम थाना क्षेत्र के कंकेर गांव स्थित लक्ष्मी नारायण सह सूर्य मंदिर में अज्ञात चोरों ने शनिवार की रात बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में दाखिल हुए और वहां रखी दान पेटी को तोड़कर 3 लाख 23 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

विज्ञापन


मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विजयकांत सिंह ने बताया कि 4 से 9 मार्च तक जियर स्वामी जी महाराज की देखरेख में मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का आयोजन किया गया था। यज्ञ समाप्ति के बाद 7 अप्रैल को पूरे खर्च का हिसाब किया गया, जिसमें 3.23 लाख रुपये शेष बचे। समिति के निर्णय के अनुसार इस राशि को दान पेटी में रखकर गर्भगृह में सुरक्षित किया गया था।

मंदिर की चाबी चोरी कर रची गई थी साजिश
विजयकांत सिंह ने बताया कि मंदिर के मुख्य द्वार की दो चाबियां थीं, जो उन्हीं के पास रहती थीं। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले चाबी चुराई, फिर मुख्य द्वार खोलकर गर्भगृह का ताला तोड़ा और दान पेटी में रखी रकम चुरा ली। वारदात के बाद चोरों ने मुख्य द्वार को पुनः बंद कर दिया, जिससे किसी को शक न हो।
विज्ञापन


पढ़ें: विरोध में सड़कों पर उतरीं मुस्लिम महिलाएं, डिप्टी मेयर बोलीं- सरकार मुसलमानों को टारगेट कर रही

सुबह पूजा के समय खुला चोरी का राज
रविवार सुबह जब पुजारी मंदिर में पूजा करने पहुंचे, तो गर्भगृह का ताला और दान पेटी टूटी हुई मिली। इसके बाद घटना की सूचना मंदिर प्रबंधन समिति और बड़ेम थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सिमरन राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया।

मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर बड़ेम थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने एसडीपीओ (सदर)-1 संजय पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। टीम को शीघ्र गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसआईटी घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही तकनीकी अनुसंधान, आसूचना संकलन और मानव खुफिया तंत्र के माध्यम से चोरों की पहचान में जुटी है। पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने बताया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें