जहानाबाद नीट की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में सच्चाई तक पहुंचने के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में एसआईटी की टीम छठी बार पीड़िता के गांव पतीयांवां पहुंची और परिजनों से मैराथन पूछताछ की। टीम ने छात्रा की मां से एक घंटे से अधिक समय तक अलग-अलग बिंदुओं पर सवाल किए, जबकि पिता और मामा से भी घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी ली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले की जांच का नेतृत्व पटना की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. अनु भारती कर रही हैं। उनके नेतृत्व में छह सदस्यीय एसआईटी पीड़िता के घर पहुंची और छात्रा के जीवन से जुड़े कई पहलुओं पर विस्तार से पूछताछ की। खास तौर पर घटना वाले दिन की गतिविधियां, छात्रा की दिनचर्या, हाल के दिनों में उसके व्यवहार में आए बदलाव, मोबाइल फोन का इस्तेमाल और संपर्क में आए लोगों को लेकर जानकारी जुटाई गई।
एसआईटी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है
बताया जा रहा है कि एसआईटी अब जांच के तकनीकी पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दे रही है। मृतका के कपड़ों पर मिले संदिग्ध साक्ष्यों के आधार पर डीएनए जांच के दायरे को बढ़ाने की तैयारी है। संभावित संदिग्धों की पहचान कर उनके नमूनों से मिलान कराने पर भी विचार किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से परिजनों से उन लोगों के नाम और विवरण जुटाए गए हैं, जिनका हाल के दिनों में छात्रा से संपर्क रहा था।
करीब दो घंटे तक चली पूछताछ के बाद एसआईटी की टीम गांव से लौट गई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान टीम को कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Bihar: करोड़ों की इमारतें पर सर्जन, मानसिक रोग व आंख के डॉक्टर नहीं; अस्पताल की इस हालत का कौन है जिम्मेदार?
विभिन्न इलाकों में संदिग्धों की तलाश में भी जुटी टीम
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए जांच में किसी तरह की जल्दबाजी नहीं की जा रही है। हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके और किसी निर्दोष को परेशान न किया जाए।
फिलहाल छात्रा की मौत को लेकर जिले में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि जल्द ही जांच पूरी कर सच्चाई को सार्वजनिक किया जाएगा।