Bihar: सीनियर एसपी ने बताया कि इस मामले में 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें से कुछ की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गया जी जिले में 8 लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा किए गए एक युवक की सकुशल रिहाई के लिए पुलिस द्वारा चलाया गया 6 घंटे का ऑपरेशन सफल रहा। ऑपरेशन में चार थानों की पुलिस और कई अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस कार्रवाई के बाद 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना की जानकारी गुरुवार को गया के सीनियर एसपी ने दी।
बदिया मोड़ से हुआ था अपहरण
विज्ञापन
गया के कोठी थाना क्षेत्र स्थित बदिया मोड़ के पास बुधवार देर शाम 35 वर्षीय मुन्नार खान उर्फ तब्बू खान का अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से 8 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही इमामगंज डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छानबीन शुरू की गई। मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए पता चला कि अपहृत युवक को छकरबंधा और सेवरा के जंगलों में रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार 6 घंटे तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने युवक तब्बू खान को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान अपहृत युवक ने पुलिस को बताया कि अपहरणकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट भी की थी।
सीनियर एसपी ने बताया कि इस मामले में 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें से कुछ की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।