जहानाबाद में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन इसके बावजूद दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला मखदुमपुर थाना क्षेत्र का है, जहां सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
सब्जी खरीदने गया था युवक
जानकारी के अनुसार, मखदुमपुर थाना क्षेत्र के पाराधी पर गांव निवासी 30 वर्षीय प्रिंस कुमार सुबह बाइक से काजीसराय बाजार सब्जी खरीदने गया था। सब्जी खरीदने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसके साथ यह हादसा हो गया।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि घोसी-जहानाबाद राज्य मार्ग पर काजीसराय नहर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार प्रिंस कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
पहले निजी क्लीनिक, फिर सदर अस्पताल ले गए परिजन
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए पास के एक निजी क्लीनिक में पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और इलाज शुरू कराया। लेकिन ट्रक की टक्कर से युवक की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। सदर अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। प्रिंस कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार ट्रक और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर ट्रक चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।