जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चैतीपीपर और गिजी गांव के लोगों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में गंभीर रूप से घायल धीरज कुमार शर्मा की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना में पांच अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हैं, जिनका इलाज पटना के अस्पताल में चल रहा है।
धीरज कुमार शर्मा के निधन के बाद दोनों गांवों में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नेतृत्व में पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार छापेमारी जारी है।
सीने, पेट और पैरों में लगी गोलियां
जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में धीरज कुमार शर्मा के सीने में गोली लगी थी। उन्हें पहले घोसी, फिर सदर अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में चैतीपीपर गांव के दिनेश राम के पैर, अजय राम के पेट, सुधीर राम और विजय राम के पैर में गोली लगी है। वहीं गिजी गांव के विष्णु कुमार भी गोली लगने से घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज पटना में चल रहा है।
करीब 20 राउंड चली गोलियां
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। अचानक गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई ग्रामीणों को शुरुआत में लगा कि पटाखे फूट रहे हैं, लेकिन जब लोग घरों से बाहर निकले तो वे भी गोलीबारी की चपेट में आ गए। घायल अजय कुमार ने बताया कि वह घर के बाहर बैठे थे। गोली चलने की आवाज सुनकर जैसे ही बाहर निकले, उन्हें गोली लग गई।
ये भी पढ़ें-
Bihar: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में X-Ray तक नहीं, जिले के सरकारी अस्पताल में ICU नहीं; रेफर कैसे रुकेगा फिर?
बालू खनन को लेकर पहले से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, चैतीपीपर और गिजी गांव के लोगों के बीच लंबे समय से बालू खनन के लिए क्षेत्र तय करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गौरतलब है कि जहानाबाद जिले में करीब चार वर्ष पहले बालू खनन पर रोक लगा दी गई थी। इसके बावजूद अवैध खनन की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर जिले में अवैध बालू कारोबार और उसके नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस बोली- दोनों पक्षों से आवेदन मिला, जांच जारी
घोसी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार और जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटे हैं। एसपी ने बताया कि बालू उठाव को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद फायरिंग की घटना हुई। इसमें छह लोगों को गोली लगी थी, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।