ओकरी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन मंहगा पड़ा
- फोटो : Amar Ujala
जहानाबाद के ओकरी थाना के थानाध्यक्ष सुमन कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह नगर थाना की अनुसंधान इकाई में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर राहुल कुमार को ओकरी थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में कई पुलिस अधिकारियों का तबादला कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पुलिस केंद्र से सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार दास को घोसी थाना की अनुसंधान इकाई में भेजा गया है। वहीं, पुलिस केंद्र में तैनात सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार और सब-इंस्पेक्टर सुरुचि शर्मा को नगर थाना की अनुसंधान इकाई में पदस्थापित किया गया है। सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
अवैध बालू खनन की शिकायतों पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, ओकरी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध बालू खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। आरोप था कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन और उससे जुड़ी गतिविधियां जारी रहीं, लेकिन अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई। थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लगातार अवैध बालू खनन की शिकायतें पुलिस अधीक्षक को मिल रही थीं। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति का गठन किया। जांच समिति ने शिकायतों को सही पाया और अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर ओकरी थानाध्यक्ष सुमन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
ये भी पढ़ें-
भाजपा नेता ने 285 गज जमीन हड़पी, फिर पहचान बदलकर कटक में छिपा; दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा, तिहाड़ भेजा
एसडीपीओ की जांच में मिले साक्ष्य
इन शिकायतों के बाद पुलिस अधीक्षक ने घोसी एसडीपीओ कृति कमल से मामले की जांच कराई। जांच के दौरान रात्रि गश्ती के समय अवैध बालू खनन से जुड़े मामलों के साक्ष्य मिले। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए तत्कालीन थानाध्यक्ष सुमन कुमार को निलंबित कर दिया गया तथा सब-इंस्पेक्टर राहुल कुमार को ओकरी थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।