Bihar : रेल प्रबंधक ने निरीक्षण यान से विंडो ट्रेलिंग करते हुए पूरे खंड में रेल अवसंरचना का जायजा लिया। इस दौरान उन्होने अंकोरहा और नबीनगर रोड रेलवे स्टेशन में रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया एवं रेलकर्मियों से संवाद किया गया।
पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक(डीआरएम) उदय सिंह मीना ने शुक्रवार को बिहार के औरंगाबाद के सोननगर स्टेशन से बखाडीह(बीडी) सेक्शन का सिगसिगी (झारखंड) तक गहन निरीक्षण किया।
यात्री सुविधाओं और रेल परिचालन की स्थिति का लिया जायजा
रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने निरीक्षण यान से विंडो ट्रेलिंग करते हुए पूरे खंड में रेल अवसंरचना का जायजा लिया। इस दौरान उन्होने अंकोरहा और नबीनगर रोड रेलवे स्टेशन में रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया एवं रेलकर्मियों से संवाद किया गया। साथ ही दोनों स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और रेल परिचालन की स्थिति का जायजा लिया।
झारखंड के स्टेशनों पर लिया यात्री सुविधाओं का जायजा
मंडल रेल प्रबंधक ने झारखंड के जपला, मोहम्मदगंज और हैदरनगर स्टेशन पर भी यात्री सुविधाओं सहित वहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे पुनर्विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होने रेलवे ट्रैक की स्थिति तथा उस पर लगाए गए रेल संरक्षा में महत्वपूर्ण सिस्टम व उपकरणों का भी गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित रेल अधिकारी भी मौजूद रहे। यह जानकारी डीडीयू रेलमंडल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। गौरतलब है कि पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों में रेल विकास के कार्य तेजी से चल रहे है। इन क़ार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित मंडल रेल प्रबंधक गण द्वारा कार्यों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए जा रहे है। इस दौरान रेल अधिकारी यात्रियों से फीडबैक भी ले रहे है। साथ ही एक्सप्रेस ट्रेनों समेत पैसेंजर ट्रेनों का समय पर परिचालन भी सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अति महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की गुणवता भी परखी जा रही है। माना जा रहा है कि अमृत भारत स्टेशन योजना से आनेवाले दिनों में रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हो सकेगा और स्टेशन साफ-सुथरे और चकाचक दिखेंगे।