जहानाबाद जिले के कल्पा थाना क्षेत्र के भुवन बिगहा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 15 वर्षीय किशोरी ने कथित रूप से अपने चाचा-चाची की प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
मृतका के पिता योगेंद्र पासवान ने बताया कि उनकी बेटी अंशू कुमारी लंबे समय से अपने सगे चाचा और चाची की मारपीट और मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी। उन्होंने बताया कि वह और उनकी पत्नी दोनों ही विकलांग हैं और एक छोटी-सी दुकान चलाकर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पढ़ें: जेईई मेंस में 'पटवा टोली' का जलवा, 40 से ज्यादा छात्र-छात्रा सफल, जानें कैसे IITian का गढ़ बना यह गांव
पिता का आरोप है कि अंशू के साथ चाचा-चाची अक्सर दुर्व्यवहार करते थे। आए दिन की प्रताड़ना से तंग आकर उसने घर के अंदर एक कमरे में फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही कल्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कल्पा थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस घटना के बाद मृतका के विकलांग माता-पिता पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका एकमात्र सहारा भी उनसे छिन गया है, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।