बिहार विधानसभा चुनाव 2025: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 अगस्त को गया दौरे को लेकर सोमवार को बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा गया पहुंचे। दोनों नेताओं ने एनडीए की बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और कहा कि जिस व्यक्ति पर चोरी का आरोप हो, वही व्यक्ति चोरी की बात कर रहा। जिस व्यक्ति ने बिहार का चारा चुराया हो, अलकतरा पिया हो और रेलवे की जमीन हड़पी हो, वही आज सीना जोरी कर रहा है।
यह भी पढ़ें- बिहार चुनाव 2025: ‘राहुल गांधी बेवजह समय बर्बाद कर रहे, जनता नकार चुकी है’, वोटर अधिकार यात्रा पर BJP का हमला
पीएम मोदी करेंगे 12 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार गया से 12 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि आज बिहार बदल रहा है। नीतीश कुमार जी के नेतृत्व और मोदी जी के मार्गदर्शन में आज दो करोड़ 14 लाख लोगों को बिजली कनेक्शन मिला है और 125 यूनिट बिजली फ्री देने का काम हुआ है। सरकार हर जरूरत की चिंता कर रही है।
‘नाम के आगे जगनायक, पीछे गांधी लिखने से काम नहीं चलेगा’
सम्राट चौधरी ने विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग अपने नाम के आगे ‘जगनायक’ और पीछे ‘गांधी’ लिखते हैं। लेकिन इससे काम नहीं चलेगा। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि क्या यह ठीक लगता है कि जिन्होंने देश में आपातकाल लगाया, लोगों को जेल में डाला, वे आज लोकतंत्र की बातें करें? उन्होंने आगे कहा कि अगर आज कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है तो यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है। कांग्रेस ने 40 साल तक प्रदेश को लूटा और लालू प्रसाद यादव तथा उनके परिवार ने 15 साल तक बिहार को पीछे धकेला।
आरक्षण पर नीतीश-मोदी सरकार का योगदान
डिप्टी सीएम ने कहा कि लालू यादव के शासनकाल में पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में दलित-पिछड़ों को आरक्षण नहीं दिया गया। लेकिन 2005 में नीतीश कुमार और सुशील मोदी की सरकार बनने के बाद 2006 में अतिपिछड़ों और दलित समाज को आरक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल बाद जब यह महसूस हुआ कि सवर्ण समाज भी गरीब है, तब मोदी सरकार ने 10% आरक्षण दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar: 'सरकार पैसा नहीं देती, बिना शराब पिए पोस्टमार्टम न होता... 2 हजार मिलेगा तभी होगा', बयान पर मचा बवाल
राहुल गांधी को घेरा, मंडल आयोग का जिक्र
सम्राट चौधरी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी बिहार में घूम रहे हैं, लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि उनके पिताजी ने मंडल आयोग का विरोध क्यों किया था। जब अटल बिहारी वाजपेयी, नीतीश कुमार और आडवाणी इसका समर्थन कर रहे थे, तब राजीव गांधी ने संसद में खड़े होकर इसका विरोध किया और गालियां दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जिसने मंडल और कमंडल दोनों को मिलाकर आगे बढ़ने का काम किया है।
मगध की सभी सीटों पर जीत का दावा
सम्राट चौधरी ने कहा कि मगध प्रमंडल की 26 विधानसभा सीटों पर एनडीए की जीत तय है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में महागठबंधन का खाता तक नहीं खुलेगा।