नवादा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में 6 जून की रात एक शादी समारोह के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना उस वक्त हुई जब दो अलग-अलग परिवारों की शादी की बारातें एक ही दिन गांव में निकाली जा रही थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप तांती की बेटी की शादी थी और उसी दिन सुने महतो के बेटे की भी शादी थी। बारात की तैयारी के दौरान पूजा के लिए पान के पत्ते लेने निकले कुछ युवक, तभी रास्ते में दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद में युवकों को पीटा गया।
इसके बाद सुने महतो के परिवार के लगभग 50 सदस्य लाठी-डंडे लेकर दिलीप तांती के घर पहुंचे और घर में तोड़फोड़ की। शादी का मंडप, टेंट, शामियाना, टेबल, कुर्सी और डीजे समेत कई सामान नष्ट कर दिए गए। साथ ही खाने-पीने की चीजें भी फेंक दी गईं।
पढ़ें: अस्पताल में शिक्षिका और नवजात की गई जान, 12 साल बाद घर में गूंजने वाली थी किलकारी; अब पसरा मातम
इस हमले में दिलीप तांती के बेटे सोनू तांती को भी गंभीर रूप से पीटा गया। बताया गया है कि उसके सिर पर चापाकल के हैंडल से वार किया गया। उसे बौरी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद विम्स और फिर पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार ने सभी परिस्थितियों के बावजूद बेटी की शादी पूरी की और उसे विदा भी किया। हालांकि, परिवार में डर का माहौल है और वे दोबारा हमले की आशंका जता रहे हैं। गांव में दिलीप तांती के परिवार के केवल चार घर हैं, जबकि सुने महतो का परिवार संख्या में काफी बड़ा है। युवक के शव का पोस्टमार्टम नवादा सदर अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।