Bihar Crime: पीड़ित ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने सीएसपी सेंटर पर आए। इसके कुछ ही देर बाद रफीगंज की ओर से दो बाइक पर सवार चार अपराधी आए और पिस्टल सटा दिया। इसके बाद मेरे बैग में रखे दो लाख 80 हजार एवं एक लैपटॉप लूट कर कासमा की ओर भाग निकले।
औरंगाबाद जिले में हथियारबंद अपराधियों ने बुधवार को दिनदहाड़े पंजाब नेशनल बैंक(पीएनबी) के ग्राहक सेवा केंद्र(सीएसपी सेंटर) से 2.8 लाख लूट लिए। साथ ही लूटेरे सीएसपी का लैपटॉप भी लेकर फरार हो गए। घटना रफीगंज थाना क्षेत्र के पचार बाजार की है। पीड़ित सीएसपी संचालक राजू कुमार रंजन ढोसिला खुर्द गांव निवासी अंबिका प्रसाद का पुत्र है।
विज्ञापन
पीड़ित ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने सीएसपी सेंटर पर आए। इसके कुछ ही देर बाद रफीगंज की ओर से दो बाइक पर सवार चार अपराधी आए और पिस्टल सटा दिया। इसके बाद मेरे बैग में रखे दो लाख 80 हजार एवं एक लैपटॉप लूट कर कासमा की ओर भाग निकले। वहीं लूट की घटना की जानकारी मिलते ही रफीगंज के सर्किल इंस्पेक्टर, रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार, एसआई एसपी गुप्ता, एएसआई रामा अवधेश सिंह, बबनजीत कुमार, सिपाही सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। घटनास्थल से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
मामले में रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अपराधियों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। गौरतलब है कि बैंको के ग्राहक सेवा केंद्र इन दिनों अपराधियों के सॉफ्ट टारगेट बने हुए है। चूंकि बैंको के सीएसपी निजी हाथों द्वारा संचालित होते है। इस कारण इन केंद्रों पर सुरक्षा की कोई व्यवस्था नही होती। यही वजह है कि अपराधी सीएसपी केंद्रों को आसानी से लूट का निशाना बना लेते है।