परीक्षा केंद्र के गेट के बाहर खड़ीं मायूस छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 आज से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रारंभ हो गई। जहानाबाद जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9:00 बजे तक परीक्षार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित किया गया, लेकिन इसके बाद पहुंचे दर्जनों छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।
महिला परीक्षार्थियों का दर्द
परीक्षा केंद्रों पर सख्ती का नजारा तब देखने को मिला जब कई छात्राएं महज कुछ मिनटों की देरी से पहुंचने के कारण परीक्षा से वंचित रह गईं। कई महिला परीक्षार्थियों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया, लेकिन पुलिसकर्मियों और केंद्र प्रशासन ने उन्हें प्रवेश देने से साफ इनकार कर दिया। वहीं, छात्राओं ने पुलिसकर्मियों और परीक्षा अधिकारियों से आरजू-विनती करते हुए परीक्षा में बैठने की अनुमति मांगी, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा कि नियमों के अनुसार 9:00 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई परीक्षा
जहानाबाद जिले के सभी 16 परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिला अधिकारी अलंकृता पांडे और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। परीक्षा के दौरान प्रशासन द्वारा नकल रोकने के लिए विशेष सख्ती बरती गई। सभी केंद्रों पर परीक्षा निरीक्षकों (वीक्षकों) को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
परीक्षा से वंचित छात्र-छात्राओं में आक्रोश
देर से पहुंचे परीक्षार्थियों को परीक्षा में न बैठने देने के फैसले से छात्र-छात्राओं में आक्रोश देखने को मिला। परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों ने प्रशासन से थोड़ी नरमी बरतने और परीक्षा केंद्र में प्रवेश की समयसीमा में 5-10 मिनट की रियायत देने की मांग की। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि सख्त नियम परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लागू किए गए हैं।