औरंगाबाद में दबंगों ने एक दिव्यांग महिला को डायन करार देकर उससे गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही आरोपियों ने महिला को मैला पिलाने और बाल पकड़ कर जमीन पर घसीटा भी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना रफीगंज थाना के बहादुरपुर की है। पीड़िता ललिता देवी गांव के ही महेंद्र चंद्रवंशी की पत्नी है। मामले को लेकर पीड़िता के बयान पर रफीगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिकी में गांव की ही खुशबू कुमारी, दीपक कुमार यादव, श्रीराम यादव उर्फ तेतर यादव, शंभू यादव, महाराज यादव, किरण देवी और जीया देवी को नामजद आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में पीड़िता ने उल्लेख किया है कि नामजद आरोपी पिछले छह महीने से मेरे साथ बराबर मारपीट करते आ रहे है। वे गाली देते हुए मुझे डायन कहते हैं। रात में मेरे घर में ढेला-पत्थर और गोबर फेंकते हैं। इसे लेकर ही आज विरोध जताने पर आरोपियों ने मुझे बाल पकड़ कर घसीटते हुए पटक दिया। बेरहमी से पिटाई की और मुंह में जबरन मैला पिला दिया।
वहीं, इस मामले को लेकर रफीगंज थानाध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।