अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज में महिला का इलाज करता वार्ड बॉय
- फोटो : अमर उजाला
गयाजी के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी सेवा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जहर खाकर अस्पताल पहुंची एक महिला के इलाज के दौरान डॉक्टरों की जगह वार्ड बॉय मरीज की नाक के जरिए पाइप डालकर दवा देते दिखाई दिए। घटना का वीडियो और प्रत्यक्ष दृश्य सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अस्पताल अधीक्षक ने मामले की जानकारी होने से इनकार करते हुए जांच कराने की बात कही है।
इमरजेंसी में दिखा चौंकाने वाला नजारा
जानकारी के मुताबिक वजीरगंज थाना क्षेत्र की एक महिला ने किसी कारणवश जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। आरोप है कि उस समय मरीज का इलाज डॉक्टरों के बजाय वार्ड बॉय करते नजर आए। इमरजेंसी गेट के बाहर वार्ड बॉय महिला की नाक के रास्ते पाइप डालकर दवा देते दिखाई दिए, जिसके बाद महिला को लगातार उल्टी होती रही।
परिजन ने नहीं बताया जहर खाने का कारण
महिला की हालत गंभीर बताई जा रही थी। हालांकि परिजनों से कई बार घटना के कारण के बारे में पूछने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इससे पूरे मामले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।
यह भी पढ़ें:
सीएम सम्राट चौधरी ने 29 प्रस्तावों पर लगाई मुहर, जनता को क्या तोहफा मिला?
'जानकारी नहीं, कराएंगे जांच'
मामले को लेकर जब अस्पताल अधीक्षक डॉ. ए.पी. आनंद से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में वार्ड बॉय मरीज का इलाज करते पाए गए हैं तो मामले की तत्काल जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना ने अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।अस्पताल प्रशासन ने जांच का भरोसा दिया है।