Bihar News: औरंगाबाद में ईंट की पुरानी दीवार के गिरने से एक महिला उसकी चपेट में आ गई और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद उक्त महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।
औरंगाबाद शहर के शाहपुर पोखरा मुहल्लें में रविवार को ईंट की पुरानी दीवार के गिरने से चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान शाहपुर पोखरा मुहल्ला निवासी उदय चौधरी की पत्नी रेशमी देवी (45) के रूप में की गई है।
विज्ञापन
हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची औरंगाबाद नगर थाना की पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। शव का पोस्टमार्टम कराने औरंगाबाद सदर अस्पताल आए परिजनों ने बताया कि रेशमी देवी रविवार की सुबह अपने घर के पास गिरी हुई गिट्टी (स्टोन चिप्स) को उठाकर दूसरे स्थान पर रख रही थी।
उसी स्थान पर ईंट की एक पुरानी दीवार जर्जर हालत में थी। गिट्टी उठाने के दौरान ही वह ईंट की जर्जर दीवार अचानक से भरभराकर महिला पर जा गिरी, जिससे दबकर महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी सी मच गई।
विज्ञापन
आनन-फानन में परिजनों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी तरह ईंट की गिरी हुई दीवार के मलबें को हटाकर महिला को बाहर निकाला। इसके बाद महिला को लेकर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन शव से लिपटकर फफक-फफक कर रोने लगे। परिजनों की चीत्कार से सदर अस्पताल का परिसर दहल उठा।