बिहार में अब विधान सभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने ही वाली है, इससे पहले बिहार सरकार ने एक बार फिर कई आईएएस अधिकारियों को प्रोन्नत करते हुए तबादला किया है। बिहार सकार सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। प्रोन्नत होने वालों में 2010 बैच के आईएएस अधिकारी और पटना के पूर्व डीएम चन्द्रशेखर सिंह हैं जिन्हें बिहार सरकार ने मुख्य मंत्री सचिवालय का सचिव बनाया है। अब तक वह पटना प्रमण्डल के आयुक्त और आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव पद पर पदस्थापित थे। हालांकि चन्द्रशेखर सिंह आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष के पद पर अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।
2010 बैच के आईएएस अधिकारी अनिमेष कुमार पराशर को बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) के प्रबंध निदेशक के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वर्तमान में वह पटना नगर निगम के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी-सह-नगर आयुक्त पटना की जिम्मेदारी संभल रहे हैं। इतना ही नहीं वह नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार, पटना के सचिव के पद की भी अतिरिक्त रूप से प्रभार में थे।
2011 बैच के आईएएस अधिकारी हिमांशु शर्मा को स्वास्थ्य विभाग, बिहार, पटना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह अब तक बिहार ग्रामीण जीवकोपार्जन (जीविका) प्रोत्साहन सोसाइटी-सह-राज्य मिशन निदेशक, राज्य ग्रामीण जीवकोपार्जन-सह-आयुक्त - स्व-रोजगार, ग्रामीण विकास विभाग, बिहार, पटना के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की जिम्मेदारी संभल रहे थे और वर्तमान में अब भी संभालेंगे। इतना ही नहीं वह अब तक आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार, पटना के विशेष कार्य पदाधिकारी के रूप में अतिरिक्त प्रभार में थे।