बिहार के औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। मंगलवार को एक तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने सामने से आ रहे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हो गए। मरने वालों में 22 दिन की बच्ची भी शामिल है।
भिड़ंत इतनी खतरनाक थी की ऑटो सड़क से उछलकर खेत में जा गिरा, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए। ऑटो में 19 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। महिलाओं की गोद में बच्चे भी थे। टक्कर के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भाग गया।
मृतकों में तीन बच्चे शामिल हैं। छोटी कुमारी नाम की नवजात की उम्र सिर्फ 22 दिन थी। सभी मृतक बिजुलिया गांव के रहने वाले थे। घायलों को इलाज के लिए पहले रफीगंज स्थित अस्पताल में ले जाया गया। यहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पाकर रफीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। मामले की जांच की जा रही है।