बिहार के मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर में जज के चैंबर के सामने ही कुछ हथियारबंद बदमाशों ने एक कैदी को गोलियों से भून दिया। दोहरे हत्याकांड समेत कई आपराधिक मामलों के आरोपी कैदी जुगनू को पुलिस पेशी के लिए ले जा रही थी। बदमाशों के हमले में कैदी गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस जानकारी के मुताबिक दोहरे हत्याकांड समेत कई आपराधिक मामलों में मुजफ्फरपुर जेल में बंद कैदी जुगनू को पेशी के लिए सोमवार को मुजफ्फरपुर कोर्ट लाया गया। कोर्ट परिसर में प्रवेश करते ही पहले से घात लगाकर बैठे तीन बदमाशों ने कैदी जुगनू पर अचानक गोलियां बरसा दी। हमले में जुगनू को तीन गोलियां लगी, जिससे वह बुरी तह घायल हो गया। हमलावर बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर एसएसपी रंजीत कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि हमला रंजिश में किया गया। कैदी को गंभीर हालत में श्रीकृष्ण हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। कैदी की सुरक्षा में आए दो हवलदार और चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस बदमाशों की छानबीन कर रही है।