अस्पताल में इलाजरत आग में झुलसे घायल लोग
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया में गैस सिलेंडर में रिसाव होने पर लगी आग से एक ही परिवार के एक मासूम सहित पांच लोग झुलस गए। वहीं, एक की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। यह घटना मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के बास्ठा गांव की है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी वजीर आलम की बेटी शमा परवीन (15) रविवार की सुबह खाना बना रही थी। इस दौरान रसोई घर में उसके साथ उसका छह साल का छोटा भाई मारूफ राजा, चाचा आजम आलम का बेटा जावेद आलम (8), इमाम आजम की बेटी हबीबू नेशा (8) और बेटा गोलू आलम (1) मौजूद थे। इसी दौरान सिलेंडर से अचानक गैस रिसने लगी, जिसने आग पकड़ ली। लपटें इतनी तेज हो गईं कि आग को बुझाना मुश्किल हो गया और रसोईघर में मौजूद पांचों लोग आग की चपेट में आ गए। इस हादसे में शमा परवीन, मारूफ राजा, हबीबू नेशा, जावेद आलम और परवेज आलम सहित सभी लोग झुलस गए। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जबतक अगल-बगल के लोग आते और रसोईघर में लगी आग को बुझाते, तब तक पांचों लोग झुलस गए थे। वहीं, शमा परवीन की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। पांचों घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनाटांड़ में किया जा रहा है।
पीड़िता शमा परवीन ने बताया कि उसकी मां की तबीयत खराब थी। उसकी मां इलाज कराने के लिए अस्पताल गई थी। इसी कारण वह खाना बना रही थी। तब तक अचानक सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा, जिससे गैस ने आग पकड़ ली। इस वजह से वह और उसके चार छोटे भाई बहन आग की चपेट में आ गए और घायल हो गए।
इधर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार चौधरी ने बताया कि गैस से झुलसे पांचों घायलों का इलाज किया जा रहा है। वहीं, एक की स्थिति गंभीर है।