गोली मारकर हत्या (सांकेतिक चित्र)
बक्सर में बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने चिल्हारी पंचायत के पूर्व सरपंच जगदीश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने लगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पूर्व सरपंच जगदीश यादव की उम्र 55 साल है। जगदीश यादव को उस वक्त गोली मारी गई, जब वह प्रतापसागर के पास स्थित अपने घर के बाहर अखबार पढ़ रहे थे। तभी बाइक सवार तीन युवक आए और सरपंच पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियां लगने के बाद सरपंच के परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सरपंच के घर पर गोलियां चलने के बाद वहां लोगों की भीड़ इक्कट्ठा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। डुमरांव के एसडीपीओ के के सिंह और एसडीओ हरेंद्र राम ने परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली। एसडीपीओ ने घटना की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच चल रही है और बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच की जाएगी। साथ ही पुलिस सरपंच पर गोली चलाने वाले अपराधियो को पकड़ने के लिए छापे मार रही है। फिलहाल हत्या का कारण क्या था यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
गांव में दहशत का माहौल
वहीं, घटना के बाद दहशत मे नजर आए ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पंचायत के चुनाव आने वाले है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नज़दीक आ रही है। पंचायत से जुड़े लोगों की हत्याएं होना शुरू हो गई हैं। ऐसा ही एक मामला इससे पहले करहंसी पंचायत में देखा गया था, जहां पूर्व मुखिया के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।