बिहार चुनावों में किसी तरह जीत दर्ज करने के लिए एडी चोटी के जोर लगा रही भाजपा ने अब एक और विवादित नेता को अपने पाले में करके मुसीबत मोल ले ली है। जेडीयू सरकार में मंत्री रहे अति पिछडों के बड़े नेता भीम सिंह को भाजपा ने आज पार्टी की सदस्यता दिलवा दी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय और पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी की उपस्थिति में भीम सिंह ने पार्टी की सदस्यता ली। भीम सिंह वही नेता हैं जिन्होंने साल 2013 में शहीदों की मौत के बाद यह कहकर हंगामा खड़ा कर दिया था कि सेना में तो लोग शहीद होने के लिए ही जाते हैं।
इस बयान पर काफी बवाल मचा था। प्रधानमंत्री मोदी ने भी बाद में लोकसभा चुनावों के दौरान जेडीयू के मंत्री के इस बयान पर नीतीश कुमार को निशाने पर रखा था। ऐसे में अब उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर पार्टी पर उंगलियां उठने लगी हैं।