शुरू से ही नशेड़ी प्रवृत्ति का रहा है आरोपी पति
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया में नशेड़ी पति ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना जिले के नौतन थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में रविवार रात हुई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नौतन थाना पुलिस मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत महिला की पहचान लक्ष्मीपुर गांव निवासी अशोक मुखिया की पत्नी कुंती देवी (35) के रूप में हुई है।
मृतका के परिजनों ने बताया कि कुंती देवी की शादी 17 साल पहले अशोक मुखिया से हुई थी। अशोक शुरू से ही नशा करता था। वह हमेशा नशे में धुत होकर घर आता था और अपनी पत्नी कुंती को मारता-पीटता था। रविवार रात अशोक नशे में धुत होकर घर पहुंचा और कुंती का गला दबाकर हत्या कर दी।
परिजनों ने यह भी बताया कि कुंती के तीन बच्चे हैं। एक 15 साल और एक 13 साल की बेटी और एक सात साल का बेटा है। उन्हें देखने वाला अब कोई नहीं है। परिजनों ने यह भी बताया कि घटना की जानकारी मृतका की बड़ी बेटी अंजनी कुमारी ने अपने मामा को दी। उसके बाद उसके मामा पहुंचे तो देखा कि उसकी बहन का शव मक्का के खेत में एक घर में रखा हुआ है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना के संबंध में जानकारी दी।