बिहार के औरंगाबाद में बकाया वेतन संबंधी बात करने गए एक शिक्षक को सर्व शिक्षा अभियान के डीपीओ ने अपने कार्यालय की पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया। इस घटना से पीड़ित शिक्षक को कमर में बुरी तरह से चोट लगी है। जख्मी शिक्षक सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। घायल शिक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे डीपीओ मिथिलेश कुमार सिंह से जब उनकी बकाया वेतन के भुगतान को लेकर बात हो रही थी, तो इसी दौरान डीपीओ ने कार्यालय कर्मियों के साथ मिलकर उन्हें पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षक संघ से जुड़े पदाधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय सांसद सुशील कुमार सिंह भी शिक्षक का हाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की घोर निंदा की और ऐसे भ्रष्ट और दबंग प्रवृति के डीपीओ की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यदि शिक्षक को न्याय नहीं मिलता है, तो इसे लेकर एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
गौरतलब है कि अपने पदस्थापना काल से ही डीपीओ मिथिलेश सिंह किसी न किसी बात को लेकर हमेशा विवादों से घिरे रहे हैं। उन पर अपने कार्यालय में भ्रष्टाचार के माध्यम से ही सारे काम कराने के आरोप भी लगते रहे हैं। इस मामले में अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।