सीतामढ़ी में एक शिक्षिका की नाबालिग बेटी की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि इसके साथ गंदा काम करने के बाद आरोपी ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि उत्तम बुध नगर स्थित मकान पर मृतका घर में अकेली थी। उसकी मां शिक्षिका हैं और वह उस समय तक विद्यालय से घर नहीं लौटी थी। जब उसकी मां शाम को करीब 6:30 बजे घर पहुंची तो अपनी बेटी को जमीन पर संदिग्ध स्थिति में मृत पाया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
किसी परिचित ने दिया है घटना को अंजाम
परिजनों का कहना है कि उन्हें आशंका है कि बच्ची के साथ जबरदस्ती भी की गई है। उसके साथ गलत काम कर दरिंदों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। परिजन का यह भी कहना है कि यह काम उस शख्स ने की है जो मेरे घर आता-जाता रहा हो। ऐसा कहने के पीछे उनका ट्रक यह है कि मेरे घर के पीछे वाले दरवाजे को अंदर से हाथ घुसाकर आसानी से खोला जा सकता है। मृतका की मां का कहना है कि जब वह घर लौटी तो पिछला दरवाजा खुला हुआ था। यानी आरोपी उसी रास्ते घर में घुसा और घटना को अंजाम देकर वापस उसी रास्ते फरार हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में नगर थाना के थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। फिर घर में हर तरफ जांच-पड़ताल की गई। लड़की की गला दबाकर हत्या की गई है। अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।