समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र की महमदीपुर पंचायत स्थित एक बगीचे में छापेमारी कर पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के चर्चित शैंको ज्वेलर्स लूटकांड से जुड़ा एक आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने सोमवार देर रात कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्टल, मैगजीन, चाकू और 1.27 ग्राम गांजा बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घटहो थाना क्षेत्र के राजतिलक निवासी जगदीश कुमार, मनियर गांव निवासी गोलू कुमार और महमदीपुर निवासी अमन कुमार उर्फ रोड पिलर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजतिलक पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद स्थित शैंको ज्वेलर्स लूटकांड में भी आरोपी है।
बगीचे में बना रहे थे वारदात की योजना
इसके बाद डीआईयू, एसटीएफ और विद्यापतिनगर थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने बगीचे की चारों ओर से घेराबंदी कर अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवकों में अफरातफरी मच गई, लेकिन जवानों ने उन्हें भागने का मौका नहीं दिया और तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पिस्टल, मैगजीन, चाकू और गांजा बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों की तलाशी ली। इस दौरान एक पिस्टल, मैगजीन, चाकू और 1.27 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस अब हथियार और अन्य सामान के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
शैंको ज्वेलर्स लूटकांड से जुड़ा है राजतिलक
डीएसपी के अनुसार, तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियारों की आपूर्ति करने वालों और पूर्व में हुई आपराधिक घटनाओं में उनकी भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- BPSC TRE 4: बिहार शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, बीपीएससी ने जारी किया 32,388 पदों के लिए नोटिफिकेशन
कई एजेंसियों ने मिलकर की कार्रवाई
पुलिस की इस कार्रवाई में मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष सचिन कुमार, अपर थानाध्यक्ष अन्नू सिंह, पीएसआई नीतीश कुमार के अलावा डीआईयू, एसटीएफ, विद्यापतिनगर थाना पुलिस और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित आपराधिक वारदात को टालने में सफलता मिली है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और मुर्शिदाबाद के शैंको ज्वेलर्स लूटकांड से उनके कथित कनेक्शन की जांच कर रही है।