समस्तीपुर जिले में दो अलग-अलग रेल खंडों पर ट्रेन से कटने के कारण दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना समस्तीपुर करपुरीग्राम स्टेशन के बीच बाजोपुर गांव के निकट स्थित 56 सी रेलवे गुमटी के निकट हुई। जबकि दूसरी घटना समस्तीपुर खगड़िया रेलखंड के भगवानपुर देसूआ स्टेशन के पास घटी। दोनों के शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर मुजफ्फरपुर रेल खंड के समस्तीपुर करपुरीग्राम स्टेशन के बीच 56 सी रेलवे गुमटी के निकट शनिवार को एक युवक का शव रेलवे ट्रैक किनारे मिला। शव मिलने की सूचना पर कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक युवक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल के आधार पर की गई है। मृतक की पहचान बेतिया पुलिस जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनीछपरा गांव के विष्णु राय के बेटे आकाश कुमार के रूप में की गई है। परिवार के लोगों के अनुसार युवक बेंगलुरु से घर वापस लौट रहा था। हालांकि उसके पास टिकट आदि बरामद नहीं हुआ है।
बताया जा रहा है कि समस्तीपुर करपुरीग्राम रेलखंड के बाजोपुर गांव के पास स्थित 56 सी नंबर रेलवे गुमटी के पास शनिवार को सुबह करीब 10:00 बजे लोगों ने रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ी में एक युवक का शव देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा मामले की जानकारी रेल पुलिस को दी। हालांकि आउटर सिग्नल के बाहर शव होने के कारण रेल पुलिस ने इसे स्थानीय थाने का मामला बताते हुए कर्पूरी ग्राम पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद कर्पूरी ग्राम थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
कर्पूरी ग्राम थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि युवक के पास मिले मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान की गई है। परिवार के लोगों को सूचना दे दी गई है। अभी परिवार के लोग पहुंचे नहीं हैं।
वहीं, दूसरी घटना समस्तीपुर खगड़िया रेलखंड के भगवानपुर देसूवा स्टेशन के पास शनिवार को समस्तीपुर सहरसा पैसेंजर ट्रेन से कटकर एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला स्टेशन पर रहकर ही भीख मांगने का काम करती थी। सुबह वह रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। इसी दौरान वह समस्तीपुर से सहरसा की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। महिला कहां की रहने वाली है, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जीआरपी इंस्पेक्टर बीपी आलोक ने बताया कि आसपास के लोगों का कहना है कि महिला भगवानपुर देसूआ स्टेशन पर रहकर भीख मांगती थी। सुबह वह रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गई। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।