घटनास्थल पर पहुंचे समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताव सिंह
- फोटो : अमर उजाला
समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना परिसर में शनिवार को डायल-112 में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) बबलू कुमार प्रसाद (50) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में थाने की तीसरी मंजिल स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पश्चिम चंपारण के रहने वाले थे ASI बबलू कुमार प्रसाद
बबलू कुमार प्रसाद मूल रूप से पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के निवासी थे। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से मोहिउद्दीन नगर थाना में डायल-112 पर तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला कल्याणपुर थाना क्षेत्र के डायल-112 में हुआ था, लेकिन उन्होंने अभी वहां योगदान नहीं दिया था।
ये भी पढ़ें-
BPSC 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा स्थगित, 26 जुलाई को नहीं होगा एग्जाम; जल्द जारी होगी नई तारीख
प्रथम दृष्टया डिप्रेशन की आशंका
समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अवसाद (डिप्रेशन) से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि बबलू कुमार प्रसाद अधिकतर अकेले रहते थे और अपने सहकर्मियों से भी कम बातचीत करते थे। हालांकि, अभी मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
आत्महत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच
पुलिस ने आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर उनकी जांच की जा रही है। इसके अलावा थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी हर जानकारी जुटाई जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने शव को सदर अस्पताल पहुंचाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के समस्तीपुर पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस विभाग में उठे कई सवाल
थाना परिसर के भीतर एक पुलिस अधिकारी का इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया जाना पुलिस विभाग के लिए भी चिंता का विषय बन गया है। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।