समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में बांध के पास सड़क पर एक लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर 23 सितंबर की शाम सामने आए इस वीडियो की तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने घटनास्थल की पहचान की और सूचना मिलने के करीब छह घंटे के भीतर मामले में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वीडियो में तीन-चार युवक एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। प्रथमदृष्ट्या लड़की नाबालिग प्रतीत हो रही है।
सोशल मीडिया निगरानी के दौरान सामने आया वीडियो
समस्तीपुर पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर की शाम सोशल मीडिया निगरानी के दौरान विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित होने की जानकारी मिली। वीडियो में तीन-चार व्यक्तियों द्वारा एक लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया जा रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो का तत्काल तकनीकी सत्यापन शुरू किया। तकनीकी जांच के आधार पर घटनास्थल की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध के पास सड़क के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार घटना करीब एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है।
पुलिस के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रही लड़की प्रथमदृष्ट्या नाबालिग प्रतीत हो रही है। तत्काल उसकी पहचान स्थापित नहीं हो पाने और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के बयान के आधार पर कर्पूरीग्राम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
छह घंटे में चारों आरोपी गिरफ्तार
समस्तीपुर पुलिस ने वीडियो और तकनीकी जांच के आधार पर मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान की। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने के छह घंटे के भीतर ही मामले में शामिल सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव निवासी रामसुंदर शर्मा के पुत्र विकास कुमार शर्मा, अरुण पासवान के पुत्र राहुल कुमार, महेश्वर सहनी के पुत्र रामबाबू सहनी और बिजौलिया गांव निवासी नेवालाल पासवान के पुत्र अवधेश पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चारों को मामले में संलिप्त पाया गया है। आरोपियों से पूछताछ के साथ आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
विकास और राहुल का शराब कारोबार से कनेक्शन भी सामने आया
पुलिस कार्रवाई के बीच हिरासत में लिए गए मुख्य आरोपी विकास कुमार शर्मा और राहुल कुमार का शराब कारोबार से जुड़ा कनेक्शन भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों के खिलाफ शराब से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड खंगालकर उनके पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। हालांकि, मौजूदा घटना में उनकी भूमिका और पुराने मामलों का पूरा विवरण पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली सामग्री साझा न करने की अपील
समस्तीपुर पुलिस ने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वायरल वीडियो या उससे जुड़े ऐसे किसी पोस्ट अथवा कंटेंट को साझा न करें, जिससे पीड़िता की पहचान उजागर हो सकती है। पुलिस ने कहा कि पीड़िता प्रथमदृष्ट्या नाबालिग प्रतीत हो रही है। उसकी पहचान सार्वजनिक करने वाली सामग्री उसके लिए मानसिक और सामाजिक क्षति का कारण बन सकती है।