विद्यापतिधाम और खुदनेश्वर धाम में उमड़ा जनसैलाब
- फोटो : अमर उजाला
गंगाजल, बेलपत्र और दूध से हुआ भोलेनाथ का अभिषेक
शिवभक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, आक, भांग, पुष्प और मौसमी फलों के साथ भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की बड़ी संख्या मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंची।
विद्यापतिधाम और खुदनेश्वर धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
विद्यापतिधाम स्थित उगना महादेव मंदिर में सुबह से ही दूर-दराज के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बालेश्वर स्थान न्यास समिति के कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज ने बताया कि हजारों श्रद्धालु अब तक जलार्पण कर चुके हैं। वहीं, मोरवा प्रखंड के प्रसिद्ध खुदनेश्वर धाम और समस्तीपुर शहर के थानेश्वर स्थान में भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसरों के बाहर पूजा सामग्री, प्रसाद, फूल-माला और बेलपत्र की दुकानों पर दिनभर अच्छी चहल-पहल रही।
पहली सोमवारी पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का समंदर
- फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। प्रमुख मंदिरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। बैरिकेडिंग, कतारबद्ध दर्शन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। विद्यापतिधाम स्थित उगना महादेव मंदिर में अंचल अधिकारी कुमार हर्ष और थानाध्यक्ष सूरज कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए।
शिवभक्ति में डूबा रहा पूरा समस्तीपुर
सावन की पहली सोमवारी पर पूरे जिले में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से लेकर दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी रहा। 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से पूरा समस्तीपुर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।