समस्तीपुर जिले में एक बार फिर जहरीली शराबकांड की आशंका ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। ताजपुर के बंगरा थाना क्षेत्र के बहादुरनगर रहीमाबाद गांव में एक ही परिवार के पिता और पुत्र की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई, जबकि परिवार का दूसरा बेटा गंभीर रूप से बीमार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और जहरीली शराब सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मृतकों और इलाजरत की पहचान
मृतकों की पहचान 70 वर्षीय पल्लू ठाकुर और उनके 35 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है। वहीं परिवार का दूसरा बेटा 25 वर्षीय अजीत कुमार बीमार है और निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि एक ही परिवार में करीब 16 घंटे के भीतर दो लोगों की मौत से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
बीमारी से मौत तक क्या-क्या हुआ?
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार देर रात करीब एक बजे रंजीत कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को घर लाया गया और गुरुवार दोपहर अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में शामिल पिता पल्लू ठाकुर पहले से अस्वस्थ थे। लौटने के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें भी निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां गुरुवार देर शाम उनकी भी मौत हो गई।
दूसरे बेटे की बिगड़ती हालत
इसी बीच पल्लू ठाकुर का दूसरा बेटा अजीत कुमार भी बीमार हो गया। परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। लगातार तीन लोगों की हालत बिगड़ने और दो की मौत के बाद गांव में जहरीली शराब के सेवन को लेकर आशंका और गहरी हो गई है।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime: आरा सिविल कोर्ट में दहेज केस की सुनवाई के दौरान हिंसा, हमले से महिला गंभीर घायल; मची अफरातफरी
पुलिस को मामले की सूचना नहीं
मृतकों का परिवार गरीब और मजदूर वर्ग से जुड़ा बताया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को औपचारिक सूचना नहीं दी गई थी। बंगरा थानाध्यक्ष पंचम कुमार ने बताया कि कुछ लोगों से घटना की जानकारी मिली है, लेकिन परिजन की ओर से सूचना नहीं दी गई है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच की जाएगी।
मुसरीघरारी शराब कांड में कार्रवाई
इसी जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के वार्ड 12 में शराब पीने से पिता बालेश्वर साह की मौत और बेटे बबलू साह की आंखों की रोशनी चले जाने के मामले में पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने चौकीदार को निलंबित कर दिया है और सेक्टर पदाधिकारी यदुवंश सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया है। साथ ही मुसरीघरारी थानाध्यक्ष को कड़ी फटकार लगाई गई है।
सूचना में देरी पर एसपी की नाराजगी
एसपी ने बुधवार देर शाम मृतक बालेश्वर साह के घर पहुंचकर परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि घटना 1 जनवरी की है, जबकि पुलिस को इसकी सूचना 7 जनवरी को मिली। सूचना संकलन में हुई देरी को लेकर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई है।