दरभंगा में मिथिला ग्रीनफील्ड टाउनशिप के निर्माण को लेकर जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगाए जाने की खबर के बाद लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई थी। कई लोग पूरे जिले में जमीन रजिस्ट्री बंद होने की आशंका जता रहे थे। अब जिला प्रशासन ने इस पर स्थिति स्पष्ट कर दी है।
डीएम कौशल कुमार ने जारी किया स्पष्टीकरण
दरभंगा के डीएम कौशल कुमार ने कहा है कि केवल तीन प्रखंडों के 102 मौजा को ही इस परियोजना में शामिल किया गया है। नामित इलाकों में ही जमीन की खरीद-बिक्री और निर्माण कार्य पर रोक लगाई गई है। पूरे जिले में जमीन की खरीद-बिक्री पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।
सिर्फ चयनित क्षेत्रों में लागू है रोक
प्रशासन के अनुसार यह रोक केवल उन्हीं क्षेत्रों में लागू है, जिन्हें मिथिला ग्रीनफील्ड टाउनशिप परियोजना के लिए चिन्हित किया गया है। बाकी इलाकों में पहले की तरह सामान्य तरीके से जमीन की खरीद-बिक्री जारी है।
जिला निबंधन विभाग ने भी स्थिति की साफ
जिला निबंधन विभाग की रजिस्ट्रार स्वीटी सुमन ने भी स्पष्ट किया कि केवल बहादुरपुर प्रखंड के बलिया मौजा, केवटी तथा सदर प्रखंड सहित कुल 102 मौजों के कुछ इलाकों में जमीन बिक्री पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा जिले के अन्य 15 प्रखंडों में जमीन की खरीद-बिक्री पर किसी प्रकार की रोक नहीं है।
पढ़ें- Bihar: चिराग ने मंत्रिमंडल विस्तार और कानून व्यवस्था पर दी प्रतिक्रिया, बिदुपुर में अग्निपीड़ितों से भी मिले
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। जमीन खरीद-बिक्री से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए अधिकृत विभागीय स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।
प्रथम चरण में 1600 एकड़ भूमि होगी विकसित
डीएम कौशल कुमार ने बताया कि मिथिला ग्रीनफील्ड टाउनशिप के प्रथम चरण में 1600 एकड़ भूमि पर कोर एरिया विकसित किया जाना है। यह परियोजना क्षेत्रीय विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बेहतर कनेक्टिविटी का मिलेगा लाभ
प्रस्तावित इलाके को आमस एक्सप्रेसवे, ईस्ट-वेस्ट कोरिडोर, बिहार के निर्माणाधीन दूसरे एम्स और एयरपोर्ट से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की बात कही गई है। इससे भविष्य में आवागमन और शहरी विकास को गति मिलने की संभावना है।