DMCH अधीक्षक को फटकार लगाते SC/ST मंत्री
बिहार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखींद्र पासवान ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा को जमकर फटकार लगाई। मंत्री ने कुशेश्वरस्थान के हरिनगर में हिंसा में घायल एक युवक के गलत इलाज की शिकायत पर मरीज का हाल जानने DMCH का दौरा किया।
इलाज करने वाले डॉक्टर पर भड़के
मंत्री ने अधीक्षक को देखते हुए कहा कि इलाज करने वाले डॉक्टर 'डॉक्टर हैं या डाकू?'। उन्होंने कहा कि इस मामले को अधीक्षक अपने संज्ञान में लें। इलाज करने वाले डॉक्टर रामाशीष यादव हों या कोई और डॉक्टर, किसी का भी जात नहीं होता, वह भगवान का रूप होता है।
मंत्री ने अधीक्षक से पूछे तीखे सवाल
मंत्री ने आगे कहा कि जब मरीज के हाथ में स्टील लगा हुआ है और वह ऊपर से ही दिखाई दे रहा है, तो अगर फिर से स्टील लगाना है या स्टीच देना है, तो इसकी व्यवस्था सुनिश्चित कीजिए। अधीक्षक साहब, इस अवस्था में आप मरीज को कैसे डिस्चार्ज कर रहे हैं? मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस मरीज का इलाज DMCH में ही होगा और जब तक मरीज पूरी तरह ठीक नहीं हो जाता, तब तक उसे डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:
घर से बुलाकर किशोर की गोली मारकर हत्या, बुझ गया घर का इकलौता चिराग
मरीज का कंधा भी टूटा
उन्होंने यह भी बताया कि मरीज का कंधा भी टूटा है और इतने दिनों बाद भी उसका इलाज नहीं हुआ है, फिर भी आप लोग उसे डिस्चार्ज कर रहे हैं। मंत्री ने अधीक्षक से कहा कि जिस चीज की व्यवस्था आपलोग से नहीं हो रही है, वह उन्हें बताएं, मंत्री व्यवस्था कर देंगे।