मधुबनी जिले के झंझारपुर के बेहट इलाके में 17 वर्षीय किशोरी अर्चना कुमारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव बाथरूम में फांसी लगी अवस्था में मिला, जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मधुबनी जिले के आर.एस. थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद के बेहट इलाके में एक 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही आर.एस. थाना पुलिस, झंझारपुर थाना पुलिस और झंझारपुर के डीएसपी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया है।
विज्ञापन
झंझारपुर डीएसपी सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि करीब दोपहर 3 बजे के आसपास एक 17 वर्षीय लड़की की संदिग्ध स्थिति में मौत की सूचना मिली थी। मृतका की पहचान 17 वर्षीय अर्चना कुमारी के रूप में हुई है, जो झंझारपुर के बेहट इलाके में किराएदार के रूप में रहती थी। डीएसपी ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर करीब 25 से 30 लाख रुपये के लेनदेन का मामला चल रहा था। इसी लेनदेन को लेकर दो-तीन लोग घर पर आए थे, जिसके बाद किशोरी की मौत होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, मृत किशोरी का शव बाथरूम में फांसी लगी अवस्था में बरामद किया गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। साथ ही घटनास्थल के बाथरूम की फोटोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बाथरूम से शव को घर के अंदर क्यों और किस स्थिति में लाया गया, यह जांच का अहम विषय है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। अब देखना यह है कि पुलिस जांच में कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर कोई ठोस खुलासा हो पाएगा।