एक दोस्ती, फिर प्रेम संबंध और अंततः संदिग्ध मौत। समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के घोष लेन निवासी सूरज सोनी की मौत ने ऐसी कहानी छोड़ दी है, जिसमें रिश्तों के साथ-साथ कई अनसुलझे सवाल भी जुड़े हैं। परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
अस्पताल पहुंचने से पहले क्या हुआ?
नगर थाना क्षेत्र के घोष लेन निवासी सूरज सोनी पिछले करीब छह महीने से मुजफ्फरपुर में डॉली कुमारी के साथ किराये के एक मकान में रह रहा था। मंगलवार को उसकी तबीयत बिगड़ने पर महिला उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए।
दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता
परिजनों के मुताबिक, सूरज की दोस्ती वर्षों पहले समस्तीपुर जिले के दादपुर निवासी चंदन कुमार से हुई थी। चंदन के घर आने-जाने के दौरान सूरज और चंदन की पत्नी डॉली के बीच नजदीकियां काफी बढ़ गई। बाद में दोनों साथ रहने लगे। बताया जाता है कि वर्ष 2023 में दोनों ने जिले के मोरवा स्थित खुदनेश्वर धाम मंदिर में विवाह भी कर लिया था।
यहीं से शुरू हुआ विवाद
डॉली के सूरज के साथ रहने के बाद उसके पहले पति और परिवार के साथ विवाद बढ़ने लगा। बताया जाता है कि इसी वजह से दोनों समस्तीपुर छोड़कर मुजफ्फरपुर में रहने लगे। परिजनों का आरोप है कि महिला के पहले पति की ओर से लगातार दबाव और धमकी दी जा रही थी।
परिजनों ने महिला के पति पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने महिला के पहले पति पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रेम संबंध के कारण लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी का परिणाम सूरज की संदिग्ध मौत के रूप में सामने आया है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
अब पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
नगर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मौत के कारणों पर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि परिजन आवेदन देते हैं तो जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला मुजफ्फरपुर पुलिस को भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें-
Bihar : जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन रद्द, तेज प्रताप बोले- साजिश हुई, कोर्ट जाएंगे
इन सवालों के जवाब का इंतजार
- अस्पताल पहुंचने से पहले सूरज के साथ क्या हुआ?
- मौत स्वाभाविक थी या सुनियोजित साजिश?
- परिजनों के हत्या के आरोप कितने सही हैं?
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या खुलासा होगा?
फिलहाल, समस्तीपुर के इस चर्चित मामले में मौत से ज्यादा उसकी वजह चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रेम संबंध, पारिवारिक विवाद और हत्या के आरोपों के बीच अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सामने आएगी। तब तक सूरज सोनी की मौत कई अनुत्तरित सवाल छोड़ गई है।