मधुबनी जिले में एक बार फिर ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। घटना झंझारपुर थाना क्षेत्र के चनौरा गोठ गांव की है। मृतक युवक की पहचान ताजपुर गांव वार्ड-17 निवासी बालेश्वर ठाकुर के पुत्र किशन ठाकुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही झंझारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। झंझारपुर में ससुराल गए युवक किशन ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने किशन की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए झंझारपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
सुबह ससुराल गया था किशन ठाकुर
झंझारपुर इंस्पेक्टर सह थाना अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कपिलेश्वर ठाकुर का पुत्र किशन ठाकुर मंगलवार सुबह अपने ससुराल चनौरा गोठ गांव गया था। वहां उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों द्वारा उसे एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर फैलते ही मचा हड़कंप
किशन ठाकुर की मौत की खबर फैलते ही ताजपुर और चनौरा गोठ इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुराल में उसके साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें:
मुख्यमंत्री की कुर्सी सिर्फ राज्यसभा सांसदी के लिए छोड़ी थी नीतीश कुमार ने? एक महीने बाद भी हाथ खाली
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक के ससुर, साले समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। तीनों से गहन पूछताछ की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मौत की गुत्थी कब तक सुलझा पाती है।