दरभंगा में दिनदहाड़े हुए बड़े ज्वेलरी लूट कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगर थाना क्षेत्र के प्रेम ज्वेलर्स में करीब 2 करोड़ रुपये की लूट के मामले में एसटीएफ और बिहार पुलिस ने बेगूसराय में मुठभेड़ के बाद छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुछ लूटी गई ज्वेलरी और हथियार भी बरामद किए गए हैं।
बेगूसराय में मुठभेड़ के बाद 6 अपराधी गिरफ्तार
दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना के बाद एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को बेगूसराय में छापेमारी की। इस दौरान मुठभेड़ के बाद छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों में मधुबनी का पवन झा, बेगूसराय के बछवारा का आर्यन कुमार, मंसूरचक का अविनाश कुमार, गौतम कुमार, विक्की कुमार और बलिया का मंगल कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी अपराधी मंसूरचक इलाके की एक नास्ते की दुकान पर बैठे हुए थे। जैसे ही एसटीएफ की टीम वहां पहुंची, अपराधियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें मंगल सिंह नाम के अपराधी के पैर में गोली लगी। इसके बाद सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया।
हथियार, मोबाइल और बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, पांच कारतूस, चार मोबाइल फोन और तीन बाइक बरामद की हैं। इसके साथ ही कुछ लूटी गई ज्वेलरी भी बरामद होने की बात सामने आई है। यह पूरी घटना 3 अप्रैल की है, जब दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूटपाट की गई थी। इस मामले में नगर थाना में कांड संख्या 72/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। ज्वेलरी दुकान के मालिक मनोज कुमार ठाकुर ने पुलिस को बताया कि लुटेरों ने करीब 700 ग्राम सोना और 20 से 25 किलो चांदी के आभूषण लूट लिए थे।
पुलिस को ऐसे मिली सुराग
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि छह से सात संदिग्ध अपराधी बेगूसराय के मंसूरचक इलाके में देखे गए हैं। कुछ आरोपी उसी इलाके के रहने वाले भी बताए जा रहे थे। सूचना के आधार पर दरभंगा नगर थाना पुलिस, डीआईयू और एसटीएफ की टीम ने मंसूरचक थाना के साथ मिलकर छापेमारी की। सुबह करीब 10 बजे नारायणपुर चौक के पास पुलिस पहुंची तो अपराधी मकई के खेत की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल हो गया और सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दुकान में घुसकर दी थी जान से मारने की धमकी
प्रेम ज्वेलर्स के मालिक मनोज कुमार ठाकुर ने प्राथमिकी में बताया कि 3 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजकर 40 मिनट पर वे अपनी दुकान में बैठे थे। तभी पांच से छह की संख्या में अपराधी दुकान में घुस गए और लूटपाट शुरू कर दी। जब उन्होंने, उनके बेटे, स्टाफ और दो ग्राहकों ने विरोध किया तो अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट करने लगे। इसके बाद सभी को एक कोने में इकट्ठा कर दिया गया। लुटेरों ने दुकान से करीब 700 ग्राम सोने के जेवर, 20 से 25 किलो चांदी के आभूषण, ग्राहक रणधीर ठाकुर से करीब 8 लाख रुपये नकद और दुकान से 10 लाख रुपये नकद लूट लिए।
ये भी पढ़ें- -Bihar News : राज्यसभा जाने से पहले सीएम पहुंचे बिहटा, निर्माणाधीन एयरपोर्ट सहित एलिवेटेड पथ का किया निरीक्षण
जाते समय दी धमकी और गेट पर लगाया ताला
लूट के बाद अपराधियों ने जाते समय धमकी दी कि अगर किसी को जानकारी दी तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। इसके बाद उन्होंने दुकान के गेट पर ताला लगा दिया और फरार हो गए। अपराधी जाते समय दुकान मालिक, स्टाफ और वहां मौजूद लोगों के मोबाइल फोन भी साथ ले गए। पुलिस अब पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।