समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना की पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है और गिरोह के एक शातिर बदमाश रवि कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। गोलू अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल रोड निवासी जितेंद्र पांडे का बेटा है, जो इन दिनों खगड़िया में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक क्रेटा कार, ऑटोमेटिक कटर, देसी पिस्टल, पांच गोली और तीन स्कॉर्पियो गाड़ियों के पार्ट्स बरामद किए हैं।
एएसपी संजय पांडे ने बताया कि बेगूसराय की डीआईयू टीम ने सूचना दी थी कि वाहन चोर ताजपुर से मुसरीघरारी की तरफ आ रहे हैं। इस पर मुसरीघरारी चौक पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एक क्रेटा कार से दो लोग उतरकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग भी की। इसके बाद एक बदमाश को पकड़ लिया गया, जिसकी पहचान रवि कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई। पूछताछ में उसने कई अहम जानकारियां दी हैं।
एएसपी संजय पांडे ने दी जानकारी
एएसपी संजय पांडे ने बताया कि रवि कुमार उर्फ गोलू पर सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के कई थानों में भी वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। उस पर सिलीगुड़ी, करण दिग्घी थाना, लखीसराय, बेगूसराय, पटना, अररिया, सहरसा, खगड़िया और मालदा जैसे जगहों पर केस चल रहे हैं। ये सभी मामलों में काफी समय से फरार था। लखीसराय केस में उसे पैरोल मिला था, लेकिन उसके बाद वह फिर से भाग गया।
ये भी पढ़ें: मोतिहारी में खाना बनाने के दौरान लगी आग, तीन सगी बहनों की जलकर मौत
एएसपी ने यह भी बताया कि गोलू चोरी की गाड़ियां बिहार से चुराकर दूसरे राज्यों में अच्छे दामों पर बेचता था। वह अपने गिरोह के साथ मिलकर ये सब करता था। जो दो अन्य बदमाश कार से कूदकर भाग गए थे, उनके बारे में भी रवि ने जानकारी दी है। अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल रवि को जेल भेज दिया गया है।