बिहार के दरभंगा में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मब्बी थाना क्षेत्र के शिवधारा बाजार समिति चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार चार दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद निकले थे घूमने
मृतकों की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज स्थित मोमिन टोला निवासी मो. फारिश, मो. इफ्तेखार और मो. अल्ताफ नियाज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों दोस्त बीती रात बाकरगंज मस्जिद में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद अहले सुबह सभी घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान चारों एक ही बाइक पर सवार होकर एनएच-27 की ओर जा रहे थे।
शिवधारा बाजार समिति चौक के पास हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि शिवधारा बाजार समिति चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा दोस्त घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही मब्बी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जबकि तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया गया है। मब्बी थानाध्यक्ष अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटे हैं। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। फिलहाल हादसे में शामिल वाहन की पहचान नहीं हो सकी है।