समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर पंचायत में भाजपा नेता रूपक सहनी की गोली मारकर हत्या के मामले में अब एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मृतक रूपक सहनी और गिरफ्तार आरोपी सोनू के बीच पुराने विवाद को लेकर तीखी बहस होती दिखाई दे रही है।
इसी दौरान आरोपी सोनू कहते हुए सुनाई देता है कि तुझे थाने में शिकायत करने का बहुत शौक है, मेरे घर पर पुलिस क्यों भेजा। इसके बाद वह कहता है कि तो अब तेरा शौक पूरा कर देते हैं और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाजें सुनाई देती हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर चढ़कर आगजनी कर दी और सड़क जाम कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। गांव में तनाव को देखते हुए तीन थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक रूपक सहनी भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे, जबकि उनके भाई दीपक सहनी भाजपा आईटी विंग के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं।
पढे़ं: कार से ओवरटेक कर ट्रक लूट की साजिश, खलासी की सूझबूझ से बची बड़ी वारदात
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हत्या प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। परिजनों का कहना है कि रूपक सहनी और उनके भाई ने अपनी जान को खतरा बताते हुए थानाध्यक्ष, डीएसपी, एसपी और डीआईजी तक गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक मुख्य आरोपी पप्पू चौधरी और उसके चाचा की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
काफी मशक्कत और जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि हम नहीं करते हैं, लेकिन यह वीडियो यह जरूर दर्शाता है कि अपराधी भीड़भाड़ वाले इलाके में भी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। घटना के बाद एसपी ने खानपुर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है।