बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों की सक्रियता भी बढ़ने लगी है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने सैनिक समाज को साधने के लिए समस्तीपुर के उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र में वेदव्यास जयंती सह मछुआरा सम्मेलन का आयोजन किया।
कार्यक्रम की अगुवाई स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने की। इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी, बिहार सरकार में मंत्री हरी सहनी, पूर्व मंत्री रामाश्रय साहनी, बेधनाथ सहनी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। सम्मेलन में भारी संख्या में साहनी समाज के लोगों की भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि भाजपा इस समाज को अपने पक्ष में जोड़ने की कोशिश कर रही है।
सभा को संबोधित करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि निषाद समाज हर युग में मौजूद रहा है। वेदों में भी और रामायण में भी। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से उनका गोत्र पूछते हुए कहा कि जातिवाद की राजनीति करने वालों को समझना चाहिए कि यदि डीएनए टेस्ट होगा तो निषाद समाज में कश्यप ऋषि का ही डीएनए निकलेगा, किसी एक जाति का नहीं।
पढ़ें: जलजमाव के बीच खुले नाले में गिरा स्कूली बच्चा, लोगों ने दौड़कर बचाई जान, वीडियो वायरल
उन्होंने कहा कि इतिहास बलिदान मांगता है, जो समाज बलिदान देता है, वही इतिहास बनाता है। नफरत फैलाने वालों की अब कोई जगह नहीं है। अब जाति नहीं, बल्कि वंदे भारत ट्रेन जैसी प्रगति का समय है। केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य निषाद समाज को एकजुट कर यह संदेश देना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस समाज को कितना सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि मछुआरा आयोग बनाकर निषाद समाज को सशक्त करने का काम किया गया है। इस दौरान उन्होंने वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी पर तंज कसते हुए कहा कि पूरा बिहार जानता है कि टिकट बेचने वाला नेता कौन है।