फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Murder Case: पत्नी का सिर धड़ से अलग किया, बच्चों को कमरे में बंद कर भागा; कहां सामने आई ऐसी घटना?

Thu, 30 Jul 2026 06:54 PM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

दरभंगा के बाजीतपुर थाना क्षेत्र के जैतूका गांव में एक महिला की गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का सिर धड़ से अलग मिला, जबकि उसके दोनों बच्चों को दूसरे कमरे में बंद कर दिया गया था। घटना के बाद से पति फरार है और ग्रामीण उसी पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
विज्ञापन
फाइल फोटो : प्रमिला देवी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के दरभंगा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बाजीतपुर थाना क्षेत्र के जैतूका गांव में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया गया और वारदात के बाद उसके बच्चों को दूसरे कमरे में बंद कर आरोपी फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि महिला की हत्या उसके पति ने की है। पुलिस ने मौके से खून से सना टेंगारी, हंसिया और एक शर्ट बरामद किया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी लगाया गया है।

बंद घर से मिला महिला का सिर धड़ से अलग शव

घटना बाजीतपुर थाना क्षेत्र के जैतूका गांव की है। मृतका की पहचान रामसूफल चौपाल की पत्नी प्रमिला देवी के रूप में हुई है। पुलिस को घर के अंदर कमरे से महिला का सिर धड़ से अलग शव मिला। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई है।

बच्चों को कमरे में बंद कर फरार हुआ आरोपी

वारदात के बाद बच्चों को दूसरे कमरे में बाहर से बंद कर दिया गया था। घटना के बाद से महिला का पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

बच्चों की चीख सुनकर खुला वारदात का राज

ग्रामीणों के अनुसार, कमरे के अंदर से बच्चों के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब आसपास के लोग पहुंचे तो घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। लोगों ने अंदर झांककर देखा तो प्रमिला देवी का शव खून से लथपथ पड़ा था और उनका सिर धड़ से अलग था।

इसके बाद लोगों ने दूसरे कमरे की कुंडी खोलकर बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

मौके से टेंगारी, हंसिया और खून से सना शर्ट बरामद

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर की तलाशी ली। घटनास्थल से खून से सना टेंगारी, हंसिया और सफेद रंग का खून से सना शर्ट बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

आर्थिक तंगी के एंगल से भी जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आर्थिक तंगी से जुड़ा हुआ भी माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले मृतका के भाई ने अपने बहनोई के दो लाख रुपये के कर्ज को चुकाने के लिए 50 हजार रुपये दिए थे। वहीं प्रमिला देवी ने स्वयं सहायता समूह से भी 50 हजार रुपये का लोन लिया था।

पुलिस इस आर्थिक स्थिति को भी जांच का हिस्सा मानकर सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

बेटे ने बताया- शर्ट पापा का है

मृतका के छोटे बेटे गोलू ने पुलिस को बताया कि कमरे का दरवाजा खुलते ही वह अपनी मां के पास गया। उसने देखा कि मां का सिर उनकी गोद में पड़ा हुआ था, जबकि पिता घर में मौजूद नहीं थे। बच्चे ने यह भी बताया कि घटनास्थल से मिला खून से सना शर्ट उसके पिता का है। उसी ने अपने ननिहाल वालों को घटना की सूचना दी।

एक दिन पहले हुआ था पति-पत्नी में विवाद

स्थानीय निवासी अनिल कुमार ने बताया कि बुधवार शाम पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि मृतका का पति पहले बाहर रहकर काम करता था, लेकिन पिछले दो महीने से गांव में ही रह रहा था। दंपति के दो बच्चे हैं। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन घटना के बाद से पति फरार है।

एफएसएल, डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी के सहारे जांच

घटना की सूचना मिलते ही बाजीतपुर थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें