दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने फेकला थाना में पदस्थापित CCTNS सिपाही संख्या 367 धर्मेंद्र कुमार को थाना परिसर में पैसा लेने के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। सिपाही पर आरोप है कि वह चरित्र प्रमाण पत्र बनाने के लिए घूस मांग रहा था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
पीड़ित पक्ष से पैसा लेते हुए सिपाही का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया था, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फेकला थानाध्यक्ष द्वारा वीडियो की जांच में आरोप की पुष्टि होने के बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने यह कार्रवाई की। निलंबन अवधि में सिपाही का मुख्यालय पुलिस लाइन निर्धारित किया गया है।
थानाध्यक्ष की जांच में सही पाया गया आरोप
बताया जाता है कि फेकला थाना में CCTNS में तैनात सिपाही धर्मेंद्र कुमार ने एक व्यक्ति के चरित्र प्रमाण पत्र बनाने के आवेदन पर प्रमाण पत्र बनाने के एवज में पैसे की मांग की थी। इसी दौरान थाना परिसर में आवेदक से पैसा लेते हुए किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच का जिम्मा फेकला थानाध्यक्ष को दिया गया था। जांच के दौरान आरोपी सिपाही संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद थानाध्यक्ष ने अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी।
थानाध्यक्ष की रिपोर्ट पर एसएसपी ने किया सस्पेंड
जिसके बाद शनिवार को एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कार्रवाई करते हुए सिपाही को सस्पेंड कर दिया। बताया जाता है कि एक दिन पहले भी एसएसपी ने सिमरी थाना के सिपाही जफर इकबाल को वादी पर समझौता का दबाव बनाने के आरोप में सस्पेंड किया था।
ये भी पढ़ें:
मुजफ्फरपुर में अपराधियों का तांडव, दो लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग; गंभीर हालत में भर्ती
एसएसपी का बयान
आरोपी सिपाही को सस्पेंड करने की कार्रवाई पर एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि पुलिस द्वारा इस तरह का कार्य किए जाने से विभाग की छवि धूमिल होती है। आगे भी इस प्रकार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही फेकला थानाध्यक्ष को जांच का निर्देश दिया गया था और उनकी रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।