फाइल फोटो : सुनील सहनी और सानिया
- फोटो : Amar Ujala
दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझोल गांव में शुक्रवार तड़के दो समुदायों के युवकों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान ओझोल निवासी दिलीप सहनी के 31 वर्षीय पुत्र सुनील सहनी के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान मोहम्मद इलियास के 40 वर्षीय पुत्र मोहम्मद मोबिन के रूप में हुई है, जो पटना जिले में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। वह दो दिन पहले मोहर्रम के अवसर पर छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे।
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे सुनील सहनी अपने चार साथियों के साथ ओझोल स्थित अखाड़ा के इमामबाड़ा के पास पहुंचा। आरोप है कि उसने कमर से पिस्तौल निकालकर मरकरी लाइट पर गोली चला दी, जिससे वहां अंधेरा हो गया। उसी समय सलात-ओ-सलाम के बाद लोग लौट रहे थे। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद मोबिन ने सुनील को ऐसा करने से मना किया। आरोप है कि इसी बात पर सुनील ने मोहम्मद मोबिन के पेट में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद मौजूद लोगों ने सुनील को घेर लिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान किसी ने धारदार फरसे से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल मोहम्मद मोबिन को गंभीर हालत में बेंता थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे तथा खून से सना एक फरसा बरामद किया है। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार ने बताया कि सुनील सहनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। फिलहाल गांव में पुलिस कैंप कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मृतक सुनील सहनी के खिलाफ पहले से आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। करीब दो महीने पहले उस पर सीतामढ़ी जिले के पुपरी में किराये के मकान में रह रही अपनी पत्नी को गोली मारने का भी आरोप है, जिसके बाद वह फरार चल रहा था।