दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र के लोआम गांव में रविवार की शाम शादी समारोह की चल रही तैयारी के दौरान हुए विवाद में भतीजे छोटू राम ने चाचा कमलू राम की लोहे के पाइप से पिट-पिटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी भतीजे छोटू राम को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी ने करीब 10 साल पहले अपने पिता जगदीश राम की भी लोहे की रॉड से प्रहार कर हत्या कर दी थी।
घर में मचा कोहराम, अचानक किया हमला
घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। बताया जाता है कि मृतक कमलू राम के साढ़ू की बेटी की शादी की तैयारी चल रही थी। वह अपने साढ़ू के घर मछली पहुंचाकर अपने घर फ्रेश होने के लिए रविवार की शाम आया था। वह अपने चापाकल पर हाथ-मुंह धो रहा था, इसी दौरान उसका भतीजा लोहे का पाइप लेकर मौके पर पहुंचा और अचानक उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि आरोपी का स्वभाव थोड़ा उग्र है और उसने पहले भी अपने पिता की हत्या की थी।
शादी का माहौल मातम में बदला
बताया जाता है कि मृतक के साढ़ू की बेटी की शादी रविवार की रात होने वाली थी। उसकी पत्नी और बेटी शादी में शामिल होने अपनी बहन के घर चली गई थीं, जबकि मृतक रविवार की देर शाम शादी के भोज के लिए मछली खरीदकर घर लौटा था। वह अपने घर में चापाकल पर हाथ-मुंह धो रहा था, तभी पीछे से भतीजे छोटू राम ने लोहे के पाइप से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।