हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के भिगो मोहल्ले में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव को फेंक दिया गया। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मो. अरमान के तौर पर हुई मृतक की पहचान
मृतक की पहचान एपीएम थाना क्षेत्र के सिरनिया गांव निवासी मो. रहमत अली के पुत्र मो. अरमान (24 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद लहेरियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। वहीं FSL टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक का परिवार भी मौके पर पहुंच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के मामा मो. परवेज ने बताया कि अरमान का एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार की शाम वह अपनी प्रेमिका के साथ किसी होटल में गया था, जहां से निकलते समय तीन-चार लड़कों ने उसका पीछा किया और नाका छह के पास पकड़कर उसकी पिटाई की थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद अरमान ने अपने घरवालों से ऑनलाइन दो हजार रुपये मंगवाए थे। इसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। देर रात तक संपर्क नहीं होने पर परिवार ने एपीएम थाना में उसके लापता होने की सूचना दी थी। शनिवार को पुलिस ने फोन कर उसकी मौत की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें:
शादी में शामिल होने आई महिला से दुष्कर्म की कोशिश, भीड़ ने मनचले को पिटा, पुलिस ने बमुश्किल बचाई जान
पुलिस ने क्या बताया?
सदर डीएसपी-1 राजीव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। FSL टीम को भी जांच के लिए लगाया गया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले के शीघ्र उद्भेदन का प्रयास किया जा रहा है।