फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: ‘विपक्ष को छोड़िए, अब मंत्री ही पुलिस पर वसूली का आरोप लगा रहे’, तेजस्वी का सरकार पर बड़ा हमला

Fri, 21 Aug 2026 09:38 AM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

राजद नेता तेजस्वी यादव ने दरभंगा पहुंचकर यामाहा शोरूम के मैनेजर फैज के परिजनों से मुलाकात की और बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध बेकाबू है और पुलिस थानों व जेलों में भी लोगों की मौत हो रही है।
विज्ञापन
पत्रकारों से बात करते राजद नेता तेजस्वी यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शुक्रवार को दरभंगा पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। तेजस्वी यादव ने यामाहा शोरूम में मैनेजर फैज की हत्या के बाद उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। परिवार से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

‘मुख्यमंत्री पर हत्या के चार मुकदमे, उनसे क्या उम्मीद करें’

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री खुद आपराधिक छवि के व्यक्ति हैं और उन पर हत्या के चार मुकदमे चल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे में बिहार की जनता उनसे क्या उम्मीद कर सकती है। तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार में शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता है, जब अपराध की घटनाओं में सैकड़ों राउंड गोलियां नहीं चलती हों और हत्याएं नहीं होती हों। उन्होंने कहा कि वे अखबारों में रोज इतनी हत्या की खबरें देखते हैं कि ऐसा लगता है जैसे अखबार का रंग भी लाल हो गया है।

‘अब पुलिस थाने और जेल में भी लोगों की हत्या हो रही’

तेजस्वी यादव ने बिहार पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आजकल बिहार में पुलिस थानों और जेलों में भी लोगों की हत्या हो रही है। गायघाट की घटना का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस नशे में धुत होकर आम लोगों पर गोली चला देती है।

विज्ञापन

उन्होंने मधुबनी के बेनीपट्टी स्थित जेल में रोशन कुमार यादव की संदिग्ध मौत का भी जिक्र किया। तेजस्वी ने कहा कि अब तो बिहार में पुलिस जेल और थाने में ही हत्या कर देती है।

मंत्री मदन सहनी के वसूली के आरोप पर सरकार को घेरा

तेजस्वी यादव ने मंत्री मदन सहनी के बयान को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। लहेरियासराय थाना क्षेत्र में पुलिस के दबाव में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले के बाद मंत्री मदन सहनी ने पुलिस पर वसूली का आरोप लगाया था। मंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “विपक्ष को छोड़िए, अब सरकार के मंत्री ही पोल खोल रहे हैं।” उन्होंने सवाल किया कि जब मंत्री की बात ही नहीं सुनी जा रही और मामले की जांच भी नहीं हो रही तो ऐसे मंत्री के सरकार में रहने का क्या फायदा है। तेजस्वी ने कहा कि मंत्री को यह बताना चाहिए कि कौन पुलिसकर्मी या अधिकारी घूस मांग रहा है और उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि सिर्फ बात करने या झाल बजाने से काम नहीं चलेगा, कार्रवाई करनी होगी।

बीजेपी पर बांटने की राजनीति का आरोप

बीजेपी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा के लोग केवल बांटने की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की हालत पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। हर परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है, बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है, लेकिन इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई जा रही हैं और इस मुद्दे पर सभी लोग मौन हैं। उन्होंने बिहार में कथित डस्टबिन घोटाले का भी जिक्र किया और कहा कि इस पर बोलने वाला कोई नहीं है।

उन्होंने 71 हजार करोड़ रुपये का हिसाब-किताब नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले पर भी सरकार पूरी तरह मौन है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार सभी एजेंसियों का दुरुपयोग कर मलाई खाने में लगी हुई है, जबकि देश की जनता में आक्रोश बढ़ रहा है। तेजस्वी यादव के इन आरोपों के बाद बिहार की कानून-व्यवस्था, पुलिस की कार्यशैली और सरकार की जवाबदेही को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें