समस्तीपुर जिले के मुसरी घरारी थाना क्षेत्र स्थित गंगापुर में ग्रीन पायरो इंडस्ट्रीज नामक टायर फैक्ट्री में शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे तेल टैंक फटने के कारण भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियों की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तीन घंटे बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।
बता दें कि फैक्ट्री में काम कर रहे उपेंद्र कुमार, जो मोतिहारी के निवासी हैं, ने बताया कि वे सात मजदूर काम कर रहे थे, और एक व्यक्ति तेल टैंक मशीन चला रहा था। जब अचानक तेल टैंकर फट गया। यह तेल टैंकर काफी पुराना था, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग लगने के बाद फैक्ट्री के मालिक, सद्दाम हुसैन, घटना स्थल से फरार हो गए।
स्थानीय ग्रामीण रामवृक्ष पासवान ने बताया कि इस फैक्ट्री में अब तक तीन बार आग लग चुकी है। हर साल कभी टैंक के फटने से तो कभी गैस लीक होने के कारण आग लगने की घटनाएं होती रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फैक्ट्री मालिक को मुआवजा मिल जाता है। लेकिन आसपास के किसानों को लगातार फसलों के नुकसान का सामना करना पड़ता है।
मुसरी घरारी थाना अध्यक्ष फैजल अंसारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और 112 की टीम घटना स्थल पर पहुंची। हालांकि, आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना स्थल पर पहुंची 112 की टीम के कर्मी राजीव कुमार ने बताया कि आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सक्रिय हैं, और सभी अधिकारी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं।
सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि घटना स्थल पर आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अब तक पांच दमकल गाड़ियों को घटना स्थल पर भेजा जा चुका है, और दो घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है, हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में है। यह घटना फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन का उदाहरण प्रस्तुत करती है, जहां सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण यह हादसा हुआ। अगर उचित सुरक्षा उपायों का पालन किया जाता, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।